कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के विरोध में मालिया घाट क्षेत्र में अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। वार्ड नंबर 23 के पार्षद प्रतिनिधि राम सिंह ‘कल्लू’ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने अजय राय की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने अजय राय के बयान की कड़ी निंदा की।
राम सिंह ‘कल्लू’ ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अजय राय का बयान केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि देश की जनता की भावनाओं का भी अपमान है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया ताकि जनता तक यह संदेश पहुंचे कि वाराणसी की जनता अपने प्रधानमंत्री के सम्मान के साथ खड़ी है।प्रदर्शन के दौरान मालिया घाट क्षेत्र राजनीतिक नारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी प्रदर्शन देखने के लिए जुटी रही।


