शहर में आयोजित “शिक्षा महोत्सव 2026” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक एवं शिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन रविंद्र साहू द्वारा किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को बेहतर करियर मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।“शिक्षा महोत्सव करियर गाइडेंस सेशन, द्रोणा अर्जुन अवॉर्ड एवं शिक्षक सम्मान समारोह” के अंतर्गत विशेषज्ञों ने छात्रों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ एवं अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही छात्रों को निःशुल्क करियर काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर छात्रों और अभिभावकों को कोर्स, करियर विकल्प तथा प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों और अभिभावकों ने इस पहल को काफी उपयोगी बताया।समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब 12वीं कक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में “द्रोणा अर्जुन अवॉर्ड” देकर सम्मानित किया गया। अपने बच्चों को मंच पर सम्मानित होते देख अभिभावकों के चेहरे गर्व से खिल उठे।
इसके अलावा शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को “शिक्षक सम्मान समारोह” के तहत सम्मानित किया गया।आयोजक रविंद्र साहू ने कहा कि शिक्षा महोत्सव का उद्देश्य छात्रों को सही दिशा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के लिए प्रेरणादायक और लाभकारी बताया।


