लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में नौकरी और कंपनी मीटिंग के बहाने दिल्ली की एक युवती को बुलाकर होटल में दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कंपनी मालिक अभिषेक उसे दिल्ली से लखनऊ लेकर आया और विपुलखंड स्थित एक होटल में ठहराया। वहां खाने में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता के अनुसार होश आने पर विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी। मौका मिलने पर वह होटल से निकलकर दिल्ली पहुंची और मंगोलपुरी थाने में दुष्कर्म व धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया। बाद में मामला लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया।पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी की तलाश में दिल्ली, नोएडा और लखनऊ में दबिश दी जा रही है। स्वास्थ्य कारणों से पीड़िता का मेडिकल परीक्षण अभी नहीं हो सका है।
पुलिस का कहना है कि आगे मेडिकल और कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।इसी बीच लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया नैशनल लॉ यूनिवर्सिटी की एक छात्रा ने भी तीन सहपाठियों पर पार्टी के दौरान बैड टच और अश्लील व्यवहार के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति और प्रॉक्टोरियल बोर्ड कर रहे हैं।


