फतेहपुर सीकरी से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने बकरीद, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और विपक्ष के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि नमाज पढ़ने वालों की संख्या अधिक है तो लोग शिफ्ट में नमाज अदा कर सकते हैं। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर नमाज और कुर्बानी का विरोध करते हुए कहा कि सड़कें धार्मिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने योगी आदित्यनाथ के फैसलों की सराहना की।
फिरोजाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान सांसद ने कहा कि कई परिवार सीमित जगह में बड़ी संख्या में रहते हैं और शिफ्ट में सोते हैं, इसलिए जरूरत पड़ने पर नमाज भी शिफ्ट में पढ़ी जा सकती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं का पालन हो, लेकिन सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात और ईरान-अमेरिका से जुड़े तनावों का असर बाजार पर पड़ रहा है।
उनके मुताबिक सरकार परिस्थितियों से निपटने का प्रयास कर रही है और लोगों को ईंधन का संयमित उपयोग करना चाहिए।सपा प्रमुख अखिलेश यादव के “साइकिल विकल्प” वाले बयान पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए केवल साइकिल से काम नहीं चल सकता और विपक्ष को वैश्विक मुद्दों पर जिम्मेदार बयान देने चाहिए।


