बिहार के राजगीर में आयोजित मलमास मेले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेले में लगे ‘सुनामी झूले’ से गिरने के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के मुताबिक मृतक युवक अपने परिजनों के साथ मेला घूमने पहुंचा था। इसी दौरान वह सुनामी झूले पर सवार हुआ।
झूला तेज गति से घूम रहा था, तभी अचानक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पहले लोहे के ढांचे से टकराया और फिर जमीन पर आ गिरा।हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में झूले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि झूले में सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा था।फिलहाल पुलिस ने झूला संचालक से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं एहतियातन मेले के कुछ बड़े झूलों का संचालन भी रोक दिया गया है।


