सूरजकुंड स्थित सेंट के सी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल में भारत विकास परिषद महामना के तत्वावधान में बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष बी.एन. राकी, नारायणपुर शाखा प्रमुख पंकज पटेल, विद्यालय के डायरेक्टर रवि नंदन तिवारी एवं प्रधानाचार्य तृप्ति तिवारी ने संस्थापक स्वर्गीय डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा की प्रतिमा तथा भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
संस्कार शिविर में बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से हुई, जिसके बाद गणेश वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया।इस दौरान विश्वनाथ ने मां सरस्वती वंदना की क्लासिकल प्रस्तुति दी, जबकि कक्षा सात की छात्रा सोनम पटेल ने शिव भजन प्रस्तुत कर सभी को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। वहीं सिद्धार्थ कनौजिया ने रामचरितमानस की संस्कारयुक्त चौपाइयों का पाठ कर बच्चों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के प्रेरणादायी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।


