वाराणसी। भारतीय क्रिकेटर यश दयाल सोमवार को अपनी पत्नी के साथ काशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद दोनों ने काशी की प्रसिद्ध गलियों में घूमकर शहर की सांस्कृतिक छटा का आनंद लिया।दंपती ने विश्वनाथ धाम परिसर और आसपास के बाजारों में समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बनारसी वस्त्रों की खरीदारी भी की। जानकारी के अनुसार, यश दयाल और उनकी पत्नी ने दो बनारसी साड़ियां खरीदीं, जिन्हें काशी की पारंपरिक कला और बुनाई का प्रतीक माना जाता है।
काशी भ्रमण के दौरान क्रिकेटर को देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और शुभकामनाएं दीं। मंदिर दर्शन और खरीदारी के बाद दोनों ने गंगा घाटों का भी भ्रमण किया।स्थानीय लोगों के अनुसार, यश दयाल ने काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की और यहां के माहौल को बेहद खास बताया।
