दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा क्षेत्र में ध्वनि यंत्र के माध्यम से 43 भवन स्वामियों को भवन खाली करने की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 9 मई से चिन्हित भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ई. के. सिंह ने बताया कि चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत अब तक कुल 181 भवन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 61 भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जबकि 62 भवनों को ध्वस्त किया जा चुका है। प्रभावित भवन स्वामियों को अब तक करीब 39 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 9 मई से शुरू होने वाली कार्रवाई के तहत तीन दिनों के भीतर 43 चिन्हित भवनों को ध्वस्त किया जाएगा। प्रशासन ने भवन मालिकों से समय रहते अपने भवन खाली करने की अपील की है ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो।अधिकारियों के अनुसार इस क्षेत्र में कुल छह मस्जिदें भी स्थित हैं। जिन मस्जिदों के नजूल भूमि पर बने होने की बात सामने आई है, उनके संबंध में मुतवल्लियों से बातचीत की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि नजूल भूमि पर बने निर्माणों को नियमानुसार अधिग्रहित किया जाएगा।दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को शहर के यातायात सुधार और सुगम आवागमन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

