बनारस लोकोमोटिव वर्क्स(बरेका) में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से कर्मचारी शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप महाप्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देशन एवं प्रमुख कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।कार्मिक विभाग द्वारा 18 मई 2026 को आयोजित यह कैंप लोको डिवीजन के मीटिंग रूम में संपन्न हुआ। कैंप का संचालन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला म . ए . अंसारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला Piyush Minj के नेतृत्व में किया गया।
कैंप में कर्मचारियों ने पदोन्नति, वेतन, अवकाश, पास तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़ी समस्याएं रखीं। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कार्मिक, लेखा एवं वेतन अनुभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिससे कर्मचारियों को एक ही स्थान पर समन्वित समाधान उपलब्ध कराया जा सका।कैंप के दौरान कुल 68 कर्मचारियों की शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही समाधान कर कर्मचारियों को राहत प्रदान की गई। बाकी मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस अवसर पर कार्मिक विभाग के कल्याण निरीक्षक, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव सहित परिषद के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बरेका प्रशासन समय-समय पर इस प्रकार के शिकायत निवारण कैंप आयोजित करता रहता है, ताकि कर्मचारियों को समस्याओं के समाधान के लिए सुलभ और प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जा सके।

