वाराणसी में बिजली आपूर्ति चरमराई: गांवों में 7 घंटे में 20 बार ट्रिपिंग, शहर भी प्रभावित

 वाराणसी जिले में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बार-बार ट्रिपिंग और कटौती से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि बिजली आने-जाने का कोई तय समय नहीं रह गया है।रविवार को सेवापुरी ब्लॉक के कछवा क्षेत्र में हालात बेहद खराब रहे। ठटरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 10 से अधिक गांवों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक करीब 20 से 25 बार बिजली की ट्रिपिंग हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरे दिन में मुश्किल से एक घंटे ही बिजली मिल सकी।लगातार बिजली बाधित रहने से समरसिबल पंप नहीं चल पाए, जिससे पीने के पानी समेत रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। गांव निवासी शिवाश्रय पटेल ने बताया कि दिनभर बिजली का इंतजार करना पड़ा। वहीं, कछवा के चश्मा व्यापारी राजेश पटेल ने कहा कि बिजली कटौती से कारोबार पर भी असर पड़ा।

उधर, शहर के सुंदरपुर, खोजवा, लंका, महमूरगंज और चौकाघाट जैसे इलाकों में भी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आई। खासकर रात के समय फॉल्ट की घटनाएं ज्यादा देखने को मिल रही हैं।हालांकि, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा लगातार ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या को खत्म करने पर जोर देते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर हालात सुधरते नजर नहीं आ रहे हैं।इस संबंध में ठटरा उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि केबल फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। उन्होंने कहा कि शाम तक समस्या को ठीक कर लिया गया और कर्मचारियों को फॉल्ट को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post