वाराणसी के पिंडरा ब्लॉक कार्यालय में सोमवार को मुसहर समुदाय के लोगों ने अपनी बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया। नट समुदाय संघर्ष समिति, बेलवा पिंडरा के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय योजना का लाभ दिलाने की मांग की।समुदाय के लोगों का कहना है कि कई पात्र परिवार अब भी सरकारी योजनाओं से वंचित हैं, जिसके चलते उन्हें कच्चे और असुरक्षित मकानों में रहना पड़ रहा है। शौचालय की सुविधा न होने के कारण खुले में शौच की समस्या भी बनी हुई है।महिलाओं ने विशेष रूप से अपनी परेशानियां साझा करते हुए बताया कि सुविधाओं के अभाव का सबसे अधिक असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ता है। बरसात और गर्मी के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे जीवन यापन कठिन हो जाता है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जगदीशपुर, खरकपुर और औरांव मुसहर बस्तियों के करीब 20 लोग शामिल रहे। इनमें बेला, शांति, पत्ती, इंदु, रीता, संगीता, प्रभावती, सरोजा, रन्नो, चंदा, प्रमिला, निर्मला, प्रमिला देवी और किरन देवी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।इस दौरान बीडीओ ने आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। समुदाय के लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर आवेदन तैयार कराए हैं। रसीद की मांग पर बीडीओ ने पहले बस्तियों का सर्वे कराने की बात कही और उसके बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ देने की मांग की, ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।


