वाराणसी में 2027 जनगणना के प्रथम चरण की शुरुआत, कबीरचौरा से शुरू हुआ मकान सूचीकरण कार्य

वर्ष 2027 की प्रस्तावित जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का शुभारंभ कर दिया गया। नगर निगम के विभिन्न जोनों में जोनवार जनगणना अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत मकानों, भवनों और आवश्यक आंकड़ों का संग्रह किया जाएगा।कोतवाली जोन में जनगणना अभियान का शुभारंभ कबीरचौरा स्थित समाजसेवी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. शिव शम्भू सुन्दर गांगुली के आवास से किया गया। डॉ. गांगुली इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के एक्जीक्यूटिव सदस्य तथा सिविल डिफेंस के पूर्व डिप्टी चीफ वार्डन भी रह चुके हैं।

इस दौरान कोतवाली जोन की कर अधीक्षक एवं सहायक चार्ज अधिकारी दिलशाद हिदायत तथा चार्ज फील्ड ट्रेनर केशव किशोर कश्यप ने जनगणना कार्य को संपन्न कराया। वहीं नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने भी अभियान में सहयोग प्रदान किया।अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण, भवनों की स्थिति और अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जाएगा, जिससे आगामी जनगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कार्य में सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि आंकड़ों का सही संकलन हो सके।



Post a Comment

Previous Post Next Post