वाराणसी में बंद दो मंजिला मकान में लाखों की चोरी, 12 लाख के गहने और ₹1.50 लाख नकदी ले उड़े चोर

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के गड़वा-काजिसराय मार्ग स्थित एक बंद दो मंजिला मकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 12 लाख रुपये के गहने और ₹1.50 लाख नकदी चोरी कर ली। चोर मुख्य दरवाजे का ताला काटकर घर में दाखिल हुए और तीन कमरों में रखी अलमारियों, बक्सों व बेड बॉक्स के ताले तोड़कर लाखों का सामान समेट ले गए।जानकारी के अनुसार, मकान मालिक अश्वनी पटेल के पिता का निधन 24 मई 2026 को हो गया था। परिवार के सभी सदस्य काजिसराय स्थित अपने पुराने घर में तेरही कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, वहां से महज 500 मीटर की दूरी पर परिवार के लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।

सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों और बक्सों के ताले टूटे देख चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर लगभग 12 लाख रुपये के जेवरात और तेरही कार्यक्रम के लिए रखे गए ₹1.50 लाख नकद लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी है।क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक माह के भीतर यह तीसरी बड़ी चोरी की वारदात बताई जा रही है। इससे पहले 14 मई 2026 को गड़वा गांव में कालीचरण प्रजापति के बंद मकान में शौचालय के रास्ते घुसकर करीब तीन लाख रुपये की चोरी की गई थी। वहीं, उसी दिन बालीपुर गांव निवासी राधेश्याम यादव के बंद मकान को भी चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान पार कर दिया था।

लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post