बकरीद के मद्देनजर मुरादाबाद प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। नगर निगम ने पूरे शहर को 4 जोन में विभाजित करते हुए 10 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) बनाई हैं, जो सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेंगी। शहर में पानी की निर्बाध आपूर्ति, सफाई, चूना-फॉगिंग और जल छिड़काव की विशेष व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ईदगाह क्षेत्र को 11 सेक्टर और पूरे शहर को 20 सेक्टर में बांटा गया है। करीब 500 पुलिसकर्मियों, दो कंपनी पीएसी जवानों, 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों, वॉच टावर और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। ईदगाह के सामने कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत बकरीद के दिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक ईदगाह रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी और भारी वाहनों पर भी रोक रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुर्बानी और उसके अवशेष खुले में नहीं होने चाहिए। अधिकारियों को पर्व के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


