जेष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार के अवसर पर मैदागिन स्थित भारतेंदु पार्क में विराजमान श्री मनसापूरण हनुमान जी मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान जी का भव्य श्रृंगार कर विशेष पूजन-अर्चन किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।मंदिर के सेवईत आनंद ने भगवान हनुमान का सिंदूर लेपन कर सुगंधित फूलों और आकर्षक मालाओं से भव्य श्रृंगार किया।
वहीं मंदिर परिसर को भी फूल-मालाओं से सुसज्जित किया गया। भारतेंदु पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा सुंदरकांड पाठ भी किया गया। जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं के सहयोग से भक्तों के बीच प्रसाद स्वरूप चना, बेसन के लड्डू, मालपुआ एवं शीतल पेय का वितरण किया गया।कार्यक्रम में हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह, संरक्षक विजय कपूर, सुबह-ए-बनारस क्लब के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, संजय जोशी, श्याम दास गुजराती सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे और सभी ने प्रभु मनसापूरण हनुमान जी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।


