वाराणसी में पुलिस आयुक्त का निरीक्षण: फूलपुर हत्याकांड में सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक पैरवी के निर्देश

वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सर्किल पिंडरा के अंतर्गत आने वाले थाना बड़ागांव, फूलपुर और सिंधौरा का निरीक्षण करते हुए कानून-व्यवस्था, विवेचना और अपराध नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान थाना बड़ागांव में अर्दली रूम आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने थाना फूलपुर क्षेत्र के चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड की विशेष समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी हिस्ट्रीशीट खोलकर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने विवेचना को साक्ष्य आधारित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण कर आरोप पत्र तत्काल न्यायालय में दाखिल करने तथा मामले की मजबूत पैरवी करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में दोषियों को जल्द सजा दिलाने पर जोर दिया।पुलिस आयुक्त ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत थाना फूलपुर द्वारा 300 से अधिक वाहनों के खिलाफ की गई सीज कार्रवाई की सराहना की और इसे प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण बताया। उन्होंने सभी थानों को इसी प्रकार सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसी अभियान के अंतर्गत जिले में 36 वाहन सीज किए गए, 640 वाहनों का चालान किया गया और 10.37 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही 23 अतिक्रमणकारियों पर भी कार्रवाई की गई।

विवेचना कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मुकदमे में यूनिक SID अनिवार्य रूप से बनाया जाए और कोई भी विवेचना 60 दिन से अधिक लंबित न रहे।इसके अलावा नव नियुक्त आरक्षियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने उन्हें क्षेत्रीय जिम्मेदारियों, जनसंपर्क, बीट ड्यूटी, गश्त और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए सीसीटीएनएस, सीडीआर विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज निरीक्षण, डीवीआर संचालन, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली का प्रशिक्षण भी अनिवार्य करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त निपेन्द्र समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post