आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने अतिसंवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर लोगों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।इस दौरान बेनियाबाग चौराहे से मदनपुरा समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी भी की जा रही है। पुलिस बल ने बाजारों, गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया।
गौरव बंसवाल ने बताया कि बकरीद के दौरान शहर में अमन-चैन बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि खुले सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी करने और सार्वजनिक जगहों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में प्रशासन द्वारा धर्म गुरुओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।डीसीपी गौरव बंसवाल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसे चिन्हित कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
Tags
Trending


