वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के अकेलवा चौकी अंतर्गत बनकट गांव के समीप देर रात एक अज्ञात युवक अचेत अवस्था में मिला। युवक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। मुंह से झाग निकलता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे BHU ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। लोहता थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और उसकी जेब से कोई दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ। मौके से कीटनाशक दवा की बोतल मिली है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ पीने का प्रतीत हो रहा है।
युवक की जान बचाने के लिए पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी BHU में लगाई है। सिपाही सुरेंद्र यादव समेत पुलिसकर्मी अस्पताल में मौजूद रहकर युवक की देखभाल कर रहे हैं और इलाज में सहयोग भी कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नीली चेकदार शर्ट, काली पैंट और केसरिया गमछा पहने इस युवक को पहचानता हो तो लोहता थाने से संपर्क करें।


