पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल की टीम पूरी तरह से सक्रिय है। इसको लेकर कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने बुधवार को प्रेस वार्ता भी की।इसमें उन्होंने साफ कहा है कि, लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। उन्होंने आगे बताया कि, पुलिस हर स्थिति पर नजर रख रही है और जहां भी गड़बड़ी की कोशिश होगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि न्यूटाउन इलाके में जो घटना सामने आई है, उस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में एक आरोपी को पकड़ लिया गया है।उन्होंने आगे बताया कि, यह मामला दो गुटों के आपसी टकराव का है। इस दौरान कई जगहों से हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
80 लोगों को किया गया गिरफ्तार पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने यह भी बताया कि अब तक कुल 80 लोगों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, ताकि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे। कमिश्नर ने कहा कि सभी नागरिकों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और पुलिस इस जिम्मेदारी को पूरी तरह निभा रही है।कोई बड़ी हिंसा या धमकी की घटना सामने नहीं आई है, केवल कुछ छोटी घटनाएं हुई हैं, जिन पर तुरंत कार्रवाई की गई।

