चेतगंज स्थित सिद्ध पीठ श्री प्राचीन सती माता मंदिर में भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री चेतगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं नगर निगम के पूर्व पार्षद अजय गुप्ता बच्चू के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महेंद्र गिरी महाराज एवं अजय गुप्ता बच्चू ने बताया कि यह आयोजन प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की सेवा एवं जनकल्याण की भावना से किया जाता है।कार्यक्रम के तहत प्रातःकाल मां सती का भव्य श्रृंगार एवं विधि-विधान से पूजन किया गया। साथ ही मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं शरबत का वितरण किया गया।आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।


