जनगणना 2027 को लेकर वाराणसी में तैयारी तेज, सुसवाही पंचायत भवन में चल रहा विशेष सर्वे अभियान

आगामी जनगणना 2027 को लेकर वाराणसी में तैयारियां तेज हो गई हैं। चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुस्वाही पंचायत भवन में जनगणना संबंधी विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जहां प्रगणकों द्वारा लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ सर्वे कार्य भी किया जा रहा है।सरकार की ओर से घर-घर जाकर सही और सटीक आंकड़े जुटाने के लिए प्रगणकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसी क्रम में सुस्वाही पंचायत भवन में मंजू तिवारी को वर्ष 2026-27 के लिए प्रगणक नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य बेहद महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा है, क्योंकि इसी के आधार पर भविष्य की कई सरकारी योजनाएं तैयार की जाती हैं।

उन्होंने बताया कि 7 तारीख से 21 तारीख तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें परिवारों को अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन माध्यम से भरनी होगी। इसके लिए सरकार द्वारा “सेंसस 2027” नाम से विशेष ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया है। परिवारों को पोर्टल पर जाकर कुल 34 प्रश्नों के उत्तर दर्ज करने होंगे। जानकारी भरने के बाद उन्हें 12 अंकों का एक विशेष कोड प्राप्त होगा।

प्रगणक मंजू तिवारी के अनुसार, जब जनगणना कर्मचारी संबंधित घर पहुंचेगा, तब परिवार को यही 12 अंकों का कोड दिखाना होगा, जिसके आधार पर जानकारी सत्यापित की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आएं और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा सामाजिक आंकलन के लिए किया जाएगा।

विशेषज्ञों के अनुसार जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की रीढ़ मानी जाती है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में जनगणना के आंकड़ों की अहम भूमिका होती है।सुस्वाही क्षेत्र में प्रशासनिक टीम लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया समझाने और जागरूक करने का कार्य भी कर रही है, ताकि अधिक से अधिक परिवार आसानी से अपनी जानकारी दर्ज करा सकें।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post