ऊर्जा संरक्षण की अनोखी पहल: साइकिल से नगर निगम पहुंचे पार्षद सुरेश पटेल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और ईंधन की बचत को लेकर किए गए आह्वान का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में वाराणसी नगर निगम के वार्ड नंबर 33 सुस्वाही के पार्षद सुरेश पटेल ने शनिवार को साइकिल से नगर निगम पहुंचकर ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

काशी के महापौर अशोक तिवारी की पहल पर नगर निगम के पार्षदों ने निर्णय लिया है कि सप्ताह में एक दिन, प्रत्येक शनिवार को, सभी पार्षद नगर निगम साइकिल अथवा पैदल पहुंचेंगे। इसका उद्देश्य ईंधन की खपत कम करना और लोगों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए पार्षद सुरेश पटेल ने अपने क्षेत्र के उन नागरिकों को भी साथ लिया, जिनके नगर निगम में कार्य लंबित थे। साइकिल से नगर निगम पहुंचकर उन्होंने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जनप्रतिनिधियों को केवल अपील तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि खुद उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

पार्षद सुरेश पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसे हालात और बढ़ते तेल संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को ईंधन बचाने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां संभव हो, निजी वाहनों का कम प्रयोग करें और साइकिल, सार्वजनिक परिवहन तथा कारपूलिंग को अपनाएं। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने क्षेत्र की जनता के साथ हमेशा खड़े हैं और नगर निगम में लंबित कार्यों के त्वरित समाधान के लिए स्वयं लोगों को लेकर पहुंचे हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post