झांसी में एक शादी समारोह उस समय विवाद और मारपीट में बदल गया, जब जयमाल के बाद दूल्हा पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप लगा। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद लात-घूंसे और कुर्सियां चलने लगीं, जिससे विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कालीमाई निवासी भावना की शादी उदेश नामक युवक से तय हुई थी।
विवाह समारोह के दौरान जयमाला के बाद दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने कथित तौर पर अतिरिक्त 5–7 लाख रुपये की मांग की। लड़की पक्ष ने मांग मानने से इनकार किया तो विवाद शुरू हो गया।दुल्हन भावना ने आरोप लगाया कि उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई, यहां तक कि उसकी बहन पर डोसा फेंककर मारा गया। परिवार का कहना है कि शादी में गाड़ी, 4 लाख रुपये नकद, कपड़े और अन्य खर्च मिलाकर 10 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अतिरिक्त रकम मांगी गई।
हंगामे के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। घटना के बाद दूल्हा पक्ष के लोग मौके से चले गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दूल्हे समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV में घटना कैद होने की बात भी सामने आई है, हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


