गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने किया निरीक्षण

गंगा घाटों पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने दशाश्वमेध घाट से अस्सी घाट तक फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गंगा घाटों पर विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नाव में बैठने वाले सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसकी सख्ती से निगरानी की जा रही है और लोगों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नियमों का पालन न करने वाले नाविकों और नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक महीने के दौरान कई नाविकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है तथा उनके नाव संचालन पर भी कार्रवाई की गई है।पुलिस कमिश्नर ने बताया कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी में प्लास्टिक फ्लोटिंग बैरिकेडिंग लगाई गई है, ताकि लोग निर्धारित दायरे के भीतर ही स्नान करें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस लगातार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि कोई व्यक्ति सुरक्षा मार्किंग के बाहर न जाए।

इसके अलावा घाटों के आसपास अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। फुट पेट्रोलिंग के दौरान कई स्थानों का निरीक्षण किया गया और अवैध अतिक्रमण करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई।कमिश्नर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि डूबने की घटना, आग लगने, सड़क दुर्घटना या किसी भी अपराध संबंधी सूचना तत्काल डायल 112 पर दें। उन्होंने कहा कि 112 हेल्पलाइन सेवा 24 घंटे सक्रिय रहती है और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post