उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते जीजा ने अपने साले की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को नहर किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया।पुलिस के अनुसार, मैनासी सरैया निवासी चिंताराम ने बताया कि वह बुधवार को अपनी पत्नी अनीता के साथ फर्रुखाबाद रिश्तेदारी में गए थे। घर पर उनका बेटा सूरज कुमार (19), बेटी सुधा और दामाद रमेश कुमार मौजूद थे। गुरुवार को लौटने पर उनका बेटा घर पर नहीं मिला। परिजनों से पूछताछ करने पर भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां सूरज की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इस दौरान दामाद रमेश कुमार भी परिवार के साथ मिलकर खोजबीन करता रहा, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।हालांकि, पुलिस को संदेह होने पर रमेश कुमार से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद वह गुस्से में था और इसी नाराजगी में उसने साले सूरज की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को नहर किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया।रामकोट पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
.jpeg)
