गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से श्री काशी विश्वनाथ धाम में विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे धाम परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना संपन्न हुई।प्रातःकाल में मंदिर घाट पर मां गंगा की विधिवत आरती की गई, जिसके बाद मां गंगा का विशेष अभिषेक संपन्न हुआ।
इसके उपरांत धाम परिसर में विराजमान मां गंगा के विग्रह का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन-अर्चन किया गया।धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा वह पावन तिथि है, जब मां गंगा भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं।
इस दिन गंगा स्नान, पूजन और आराधना करने से समस्त पापों का नाश होता है तथा मोक्ष की प्राप्ति का पुण्य फल मिलता है।गंगा दशहरा के अवसर पर मंदिर न्यास के अधिकारी, अर्चकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा और भक्ति भाव से मां गंगा तथा बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की।


