जल संरक्षण को लेकर छात्राओं ने लिया संकल्प, सुबह-ए-बनारस क्लब ने चलाया जागरूकता अभियान

लगातार गिरते भूजल स्तर और बढ़ते जल संकट को लेकर सामाजिक संस्था “सुबह-ए-बनारस क्लब” की ओर से मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में जल संरक्षण जागरूकता एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने हाथों में तख्ती और बैनर लेकर जल बचाने का संदेश दिया तथा पानी की बर्बादी रोकने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, लक्ष्मी नर्सिंग कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार राय तथा कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि लगातार गिरता भूजल स्तर आने वाले समय के लिए गंभीर चेतावनी है। यदि समय रहते जल संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो लोगों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि आज भी देश के लाखों घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है और कई प्रदेश भूमिगत जल की कमी से जूझ रहे हैं। इसका असर अब वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में वर्षा जल संरक्षण और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पानी जीवन का आधार है, इसलिए इसकी एक-एक बूंद की कीमत समझनी होगी। आए दिन लोग अनजाने में पानी की बर्बादी करते हैं, जिसे रोकना बेहद जरूरी है। जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर ही भावी पीढ़ी को जल संकट से बचाया जा सकता है।कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और शिक्षिकाओं ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान मुकेश जायसवाल, डॉ. अशोक कुमार राय, डॉ. प्रियंका तिवारी, गणेश सिंह, श्याम दास गुजराती, कंचन बाला, शशि श्रीवास्तव, रंजना गिरि, सुनीता सिंह, गीता वर्मा, रीता प्रजापति सहित कॉलेज की सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।



Post a Comment

Previous Post Next Post