गंगा सेवा निधि के गंगा दशहरा महोत्सव में दिखी भव्यता, 11 हजार दीपों से जगमगाया दशाश्वमेध घाट

गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित गंगा दशहरा महोत्सव-2026 दशाश्वमेध घाट पर भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। स्वच्छ गंगा, स्वच्छ घाट, स्वच्छ काशी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ आयोजित इस महोत्सव में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक स्मृतिशेष पं. सत्येन्द्र मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दया शंकर मिश्र ‘दयालु’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रिगेडियर जयदीप चन्दा ने की। विशिष्ट अतिथियों में अशोक तिवारी, अम्बरीश सिंह भोला सहित सेना, प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

संस्था के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा सेवा निधि विगत नौ वर्षों से “एक संकल्प गंगा किनारे” अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं को गंगा, घाट और भारत को स्वच्छ रखने का संदेश दे रही है। उन्होंने कहा कि मां गंगा सम्पूर्ण प्राणी जगत को शांति और शीतलता प्रदान करें।गंगा सेवा निधि के 11 अर्चकों एवं 22 देव कन्याओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य मां गंगा महाआरती की गई। दशाश्वमेध घाट को 25 कुंतल फूल-मालाओं और 11 हजार दीपों से सजाया गया, जिसकी अलौकिक छटा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने मां गंगा के अवतरण और उनके महत्व पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन अंजना झा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के सचिव सुरजीत कुमार सिंह ने किया।




Post a Comment

Previous Post Next Post