थाना सिगरा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एल एंड टी फाइनेंस कंपनी से लोन पास कराकर लाखों रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अलाउद्दीन (40 वर्ष) पुत्र शेख आयूब, निवासी काबीरुद्दीनपुर, पोस्ट धर्मापुर, थाना गौरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसे सिगरा थाना क्षेत्र स्थित फातमान रोड कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया गया।यह मामला एल एंड टी फाइनेंस कंपनी की सिगरा स्थित शाखा से जुड़ा है। कंपनी के अधिकृत अधिकारी अमित मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव पद पर कार्यरत अलाउद्दीन ने छह ग्राहकों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कुल 6,61,752 रुपये का लोन पास कराया और रकम का गबन कर फरार हो गया।
कंपनी की आंतरिक जांच में आरोपी दोषी पाया गया, जिसके बाद उसे पहले निलंबित और फिर सेवा से निष्कासित कर दिया गया। इसके बावजूद आरोपी ने गबन की गई रकम वापस नहीं की और फरार हो गया, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


