बाबतपुर क्षेत्र में एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना के तहत चल रहे टनल निर्माण कार्य ने आसपास के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने निर्माण कार्य तो शुरू कर दिया, लेकिन आवाजाही के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया।बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर इलाके में टनल निर्माण के दौरान मुख्य संपर्क मार्ग को बीच से काट दिया गया है। इससे दर्जनों गांवों के लोगों की सीधी आवाजाही बाधित हो गई है। जहां पहले लोग कम दूरी में अपने गंतव्य तक पहुंच जाते थे, अब उन्हें करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है।निर्माण स्थल के पास गहरी खुदाई के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। गड्ढे के किनारे संकरा रास्ता छोड़ा गया है, जिससे दोपहिया और छोटे वाहन किसी तरह निकल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, खासकर शाम और रात के समय खतरा और बढ़ जाता है।
इस समस्या से सिसवां, रघुनाथपुर, कविरामपुर, रामपुर और बाबतपुर समेत कई गांव प्रभावित हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, मरीज और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य के साथ सर्विस लेन या वैकल्पिक मार्ग बना दिया जाता, तो इतनी परेशानी नहीं होती।लगातार बढ़ती दिक्कतों को लेकर अब ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन आम जनता की सुरक्षा और सुविधा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।


