चर्चित त्विषा शर्मा दहेज हत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। आरोपी सास एवं पूर्व जिला व सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को चुनौती देते हुए प्रदेश सरकार और मृतका के पिता ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।सोमवार को जस्टिस देवनारायण मिश्रा की एकलपीठ ने दोनों याचिकाओं पर संयुक्त सुनवाई की। अदालत ने सुनवाई के दौरान अनावेदिका को याचिका की प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और मामले की अगली तारीख 27 मई तय की।
सरकार की ओर से दाखिल याचिका में आरोप लगाया गया है कि आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं और साक्ष्यों को प्रभावित करने की आशंका है।गौरतलब है कि 12 मई की रात त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। अगले दिन 13 मई को पोस्टमार्टम किया गया, जबकि इसके तुरंत बाद 14 मई को आरोपी की ओर से अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया गया, जिसे बाद में अदालत ने मंजूरी दे दी थी।


