वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज ने रचा नया कीर्तिमान

वाराणसी। काशी के प्रतिष्ठित उदय प्रताप कॉलेज ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि से प्रदेश में पहचान बनाई है। उच्च शिक्षा विभाग के प्रमाण पोर्टल की नवीनतम रैंकिंग में कॉलेज ने लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।  प्रमाण पोर्टल पर प्राप्त इस उपलब्धि के साथ कॉलेज ने न केवल अपनी शैक्षणिक और प्रशासनिक गुणवत्ता को साबित किया है, बल्कि पूर्वांचल के उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए भी एक नया मानदंड स्थापित किया है। रैंकिंग में काशी क्षेत्र को प्रदेश स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त हुआ है, जो क्षेत्र की शैक्षणिक प्रगति का संकेत माना जा रहा है।  

कॉलेज प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों को दिया है। संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल प्रबंधन और छात्र-केंद्रित कार्यप्रणाली के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है।गौरतलब है कि प्रमाण पोर्टल पर प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन किया जाता है। लगातार तीसरी बार शीर्ष स्थान हासिल कर उदय प्रताप कॉलेज ने वाराणसी और पूर्वांचल का गौरव बढ़ाया है।



Post a Comment

Previous Post Next Post