जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पूरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्वागत संबोधन के साथ की। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। केंद्रीय मंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्य और जनता तक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में समाजवादी पार्टी से वीरेंद्र सिंह, मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज, मंत्री दारा सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित वाराणसी जनपद की आठों विधानसभा क्षेत्रों के विधायक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को बैठक में उठाया।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में पेट्रोल, पीएनजी और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। केंद्र सरकार ऊर्जा आपूर्ति को लेकर पूरी तरह सतर्क है और आम जनता को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि वाराणसी में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है और सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक घरों तक गैस सुविधा पहुंचाना है। साथ ही एलपीजी की आपूर्ति भी सुचारु रूप से जारी है।बैठक में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


