लखनऊ में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मेट्रो फेज-1बी ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर परियोजना को हरी झंडी मिल गई है।इस परियोजना के तहत चारबाग से बसंतकुंज तक नया मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को और मजबूत किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि इससे राजधानी में यातायात दबाव कम होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित व सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।
करीब 5801.05 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना को पहले ही स्टेट इम्पावरड कमेटी से मंजूरी मिल चुकी है। अब इसे मेट्रो रेल नीति-2017 के तहत आगे बढ़ाया जाएगा, जिसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच त्रिपक्षीय समझौता (एमओयू) किया जाएगा।नए कॉरिडोर के शुरू होने से रोजाना कामकाज, पढ़ाई और व्यापार के लिए यात्रा करने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।


