भारतीय क्रिकेट में एक नया सितारा उभरकर सामने आया है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका दिया है। वैभव ने आईपीएल 2026 में बल्ले से जमकर धमाल मचाया। उन्होंने 14 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। 237.31 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने लीग के कई दिग्गज गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली और खुद को भविष्य के बड़े सितारे के रूप में स्थापित किया।
उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम अब टीम इंडिया में चयन के रूप में मिला है। वैभव को नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टी20 टीम में जगह दी गई है। चयन के साथ ही उन्होंने सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चुने जाने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अब सभी की नजरें उनके संभावित डेब्यू पर टिकी हैं। यदि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह सचिन तेंडुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने 1989 में 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, जबकि वैभव अभी केवल 15 वर्ष के हैं।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव की निडर बल्लेबाजी और आक्रामक अंदाज भारतीय क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत साबित हो सकता है।

