सरस्वती स्विमिंग एसोसिएशन, दरभंगा घाट द्वारा आयोजित 90वीं वार्षिक तैराकी प्रतियोगिता-2026 का सफल समापन रविवार को पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के तैराकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतिष्ठित स्वर्गीय विजन राय चौधुरी 'गंगा श्री' उपाधि प्रतियोगिता में विश्व सुंदरी पुल से दरभंगा घाट तक लगभग 12 किलोमीटर लंबी तैराकी रेस आयोजित की गई। इस कठिन प्रतिस्पर्धा में विश्वनाथ आनंद ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 'गंगा श्री' उपाधि अपने नाम की। सत्यम साहनी दूसरे तथा लाल चंद्र साहनी तीसरे स्थान पर रहे।महिला ओपन रेस (अस्सी घाट से दरभंगा घाट) में रिया पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। स्वेता साहनी द्वितीय एवं गायत्री तृतीय स्थान पर रहीं।
बाल वर्ग की प्रतियोगिताओं में स्वस्तिक ने प्रथम, शिवम यादव ने द्वितीय तथा सक्षम चौरसिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विभिन्न वर्गों में सुयश कुमार गुप्ता, अखिलेश साहनी, आरीश चटर्जी, रुद्र किशोर चटर्जी, मानस शर्मा और अनन्या वर्मा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता का संचालन एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी नारायण चटर्जी ने किया, जबकि आयोजन का नेतृत्व अध्यक्ष डी.एस. चटर्जी ने किया। कार्यक्रम में विजय शाह, शंकर मुखर्जी, वीरेश्वर भट्टाचार्य, अतुल सरकार, प्रमोद पटेल, गोविंद यादव सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहयोग प्रदान किया।समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मीनाक्षी कात्यायन (आईपीएस), कमांडेंट 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा गंगा में तैराकी की इस ऐतिहासिक परंपरा को बनाए रखने के लिए आयोजकों की सराहना की।


