निर्जला एकादशी के अवसर पर 25 जून 2026 को सुप्रभातम् एवं काशी मोक्षदायिनी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा प्रातः 7 बजे राजेंद्र प्रसाद घाट से प्रारंभ होकर गोदौलिया व बांसफाटक होते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक करेंगे।
यात्रा से पूर्व गंगा पूजन एवं कलश पूजन होगा। डमरू वादक, शंख दल, भजन मंडली और शिव-पार्वती की झांकी यात्रा का आकर्षण होंगे। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा मार्ग में पुष्पवर्षा, पेयजल वितरण और श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्था की जाएगी।
वर्ष 1999 से आयोजित हो रही इस कलश यात्रा का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में विधायक नीलकंठ तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल होंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से मंदिर प्रशासन के नियमों का पालन करने की अपील की है।


