मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद नोएडा के सेक्टर-119 स्थित एक हाईराइज हाउसिंग सोसाइटी में लगी भीषण आग को लेकर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। सोमवार सुबह हुई इस घटना में फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रहीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-119 की अरण्य सोसाइटी में एक फ्लैट में एसी फटने के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर प्रभावित और आसपास के फ्लैटों को खाली कराकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सोसाइटी में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जबकि दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, किसी भी घायल को तुरंत बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और पूरे अभियान की लगातार निगरानी करने के आदेश दिए। साथ ही प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।



