बिजली संकट बना बवाल, लखनऊ में जेई के पीछे दौड़ी गुस्साई भीड़

राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ लोगों का आक्रोश रविवार को सड़कों पर दिखाई दिया। शहर के कई इलाकों में बिजली उपकेंद्रों पर उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन किया। सबसे ज्यादा तनावपूर्ण स्थिति शकुंतला मिश्रा और एफसीआई उपकेंद्र पर रही, जहां नाराज लोगों ने जूनियर इंजीनियर (जेई) का करीब 13 किलोमीटर तक पीछा किया।बताया जा रहा है कि जाहिद नगर, नाजिम नगर, हर्षनगर और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से रात के समय बार-बार बिजली गुल होने से लोग परेशान थे। शनिवार देर रात जब जेई फॉल्ट ठीक कराने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख जेई कार से वहां से निकल गए, लेकिन लोगों ने बाइक और अन्य वाहनों से उनका पीछा किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

बिजली कटौती को लेकर एफसीआई और अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्रों पर भी लोगों ने जमकर हंगामा किया। अंबेडकर उपकेंद्र पर प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित कर दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया।बिजली विभाग का कहना है कि बढ़े हुए लोड और तकनीकी खराबियों की वजह से कई इलाकों में आपूर्ति प्रभावित हुई है। अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि शकुंतला मिश्रा उपकेंद्र पर ओवरलोडिंग की समस्या को दूर करने के लिए एक सप्ताह के भीतर 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। साथ ही अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी फॉल्ट दूर करने का काम तेजी से किया जा रहा है।









Post a Comment

Previous Post Next Post