सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में एक घर के अंदर एलपीजी सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दो मंजिला मकान उसकी चपेट में आ गया। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता को देखकर स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
लल्लापुरा की संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया।बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से घर में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर एलपीजी सिलेंडर फटने से हादसा होने की बात सामने आई है।


