वाराणसी कैंट जीआरपी ने तकनीकी संसाधनों और सर्विलांस की मदद से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 310 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है।मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान वाराणसी सहित पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से आए मोबाइल धारकों ने अपने खोए हुए फोन वापस पाकर खुशी जताई। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने अपना मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन जीआरपी कैंट की सक्रियता और अथक प्रयासों की बदौलत उन्हें उनका कीमती सामान वापस मिल सका।
मोबाइल प्राप्त करने के लिए विभिन्न जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग वाराणसी पहुंचे। इस दौरान मोबाइल धारकों ने जिला प्रशासन और जीआरपी की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में एसीपी कैंट जीआरपी कुंवर प्रताप सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन वितरित किए। वहीं राजोल नागर के नेतृत्व में जीआरपी की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार सर्विलांस और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है और पुलिस के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो रहा है।


