लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र स्थित महोना कस्बे में शनिवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान की बालकनी अचानक ढह गई, जिससे वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बालकनी पर खड़े होकर मुहर्रम के जुलूस में शामिल लोगों को शरबत और अन्य खाद्य सामग्री वितरित की जा रही थी। इसी दौरान बालकनी पर क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण वह अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत-बचाव में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में 12 वर्षीय अली और 14 वर्षीय अरमान की मौत हो गई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



