पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के दौरान मुख्य आरोपी सिया गोयल से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सिया ने अपने और केतन के रिश्ते से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। हालांकि, उसके दावों का मिलान डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सबूतों से किया जा रहा है।
जांच के दौरान सिया ने दावा किया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने पुलिस को बताया कि केतन विग पहनता था और हकलाकर बोलता था, जिसकी वजह से वह इस रिश्ते से असहज थी। पूछताछ के दौरान वह कई बार भावुक होकर रो भी पड़ी और उसने अपने रिश्ते को लेकर चल रही अनबन का भी जिक्र किया।
पुलिस का कहना है कि सिया के कई बयान अब तक जुटाए गए डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल चैट से मेल नहीं खाते। इसी वजह से जांच एजेंसियां उसके दावों की हर पहलू से पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। मामले की जांच अभी जारी है।



