राजातालाब क्षेत्र के सजोई निवासी जमुना प्रसाद ने कुछ लोगों पर फर्जी चेक देकर धोखाधड़ी के जरिए जमीन का बैनामा कराने और कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से कर कार्रवाई की मांग की है।जमुना प्रसाद का आरोप है कि वह कम पढ़े-लिखे हैं, जिसका फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उन्हें झांसे में लेकर उनकी मौजा सभईपुर स्थित भूमि का सौदा कराया। आरोप है कि पहले फर्जी दस्तावेज और चेक के माध्यम से जमीन का पंजीकरण कराया गया और बाद में पूरा भुगतान करने का आश्वासन देकर बैनामा करा लिया गया।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने बकाया रकम की मांग की तो आरोपियों ने भुगतान करने से इंकार कर दिया और विरोध करने पर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन का बैनामा कराने के बाद भी उन्हें तय धनराशि नहीं दी गई।पीड़ित ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी भूमि और धनराशि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है।


