आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बुधवार को शहर के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया तथा पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने दालमंडी, चौक, रमापुरा, गिरिजाघर, आदमपुर और नवनिर्मित ओवरब्रिज क्षेत्र का निरीक्षण कर संवेदनशील स्थलों, मार्ग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान धर्मगुरुओं और ताजिया आयोजकों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई।
इसके अलावा आशापुर और लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्रों में ताजिया जुलूसों के मार्ग, यातायात प्रबंधन, वैकल्पिक रूट और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी नई परंपरा या नए मार्ग की अनुमति नहीं होगी तथा जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे।प्रशासन ने ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानक 10 फीट तक सीमित रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डीजे, ढोल-ताशों की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और किसी भी प्रकार के भड़काऊ गीत या नारों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन को भी पूरी तरह वर्जित किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक ताजिया के लिए जिम्मेदार समिति का गठन अनिवार्य होगा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित आयोजक जिम्मेदार माने जाएंगे। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। जुलूसों के साथ पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी, जबकि आयोजकों को स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने संवेदनशील स्थलों पर पैरामिलिट्री बल की तैनाती, विशेष बैरिकेडिंग और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। वहीं सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने, शस्त्र प्रदर्शन करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन योजना भी लागू की जाएगी। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की है।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, तथा अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


