वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने अवैध रूप से संचालित कोचिंग संस्थानों और भवन मानकों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत कुल आठ कोचिंग संस्थानों को सील किया गया।प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने जोन-1 (शिवपुर एवं सिकरौल क्षेत्र) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि Allen Career Institute बिना मानचित्र स्वीकृति एवं निर्धारित भवन मानकों के अनुरूप संचालन कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण की टीम ने संस्थान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया और संचालकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जोन-2 के सारनाथ क्षेत्र में भी दो कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पहाड़िया क्षेत्र में नंदलाल जायसवाल के परिसर में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत संचालित कोचिंग संस्थान के भवन की तीसरी मंजिल को सील किया गया। वहीं पंचकोशी रोड स्थित एक अन्य परिसर में बिना अनुमति बेसमेंट में लाइब्रेरी और भूतल पर कोचिंग संचालित किए जाने पर भवन को सील कर दिया गया।जोन-3 के अंतर्गत सिगरा स्थित वीरेंद्र प्रताप सिंह के भवन में भवन मानकों और स्वीकृत मानचित्र से संबंधित अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया गया।
जोन-4 में VDA के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान संकट मोचन मार्ग और साकेत नगर स्थित Allen Career Institute की दो शाखाओं को सील किया गया। इसके अलावा दुर्गाकुंड क्षेत्र में संचालित एल-1 कोचिंग, Aakash Institute तथा Mahendra’s के परिसरों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, भवनों की संरचनात्मक मजबूती तथा शहरी नियोजन मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा भवन नियमों का उल्लंघन कर संचालित संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।VDA ने सभी शिक्षण संस्थानों के संचालकों और भवन स्वामियों से नियमों एवं भवन उपविधियों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि उल्लंघन की स्थिति में कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।


