जमीन विवाद में नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के आरोप को बताया फर्जी, पीड़ित परिवार ने चौबेपुर थाने का घेराव किया

वाराणसी, 2 जून। चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में जमीन विवाद से जुड़े एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपों को फर्जी बताते हुए पीड़ित परिवार ने चौबेपुर थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।शंकरपुर गांव निवासी दुर्गुना देवी ने थाना प्रभारी चौबेपुर को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने पारिवारिक और भूमि विवाद के चलते उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची है।

जमीन विवाद में फंसाने का आरोप

दुर्गुना देवी के अनुसार, पड़ोसी महिला की नाबालिग पुत्री कुछ समय पूर्व अपनी मां से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी। इस संबंध में चौबेपुर थाने में गुमशुदगी और अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में उनके नाबालिग पौत्र कालू को पुलिस चौकी पर बुलाया गया और उस पर नाबालिग लड़की के अपहरण एवं दुष्कर्म का आरोप लगा दिया गया।

पहले से चल रहा है भूमि विवाद

शिकायती पत्र में कहा गया है कि संबंधित पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के कारण परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां भी दी जाती रही हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लगभग दस वर्ष पूर्व भी इसी परिवार के एक सदस्य को कथित रूप से फर्जी मामले में फंसाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका था।

निष्पक्ष जांच की मांग

दुर्गुना देवी ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो न्याय प्रभावित होगा और निर्दोष लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ सकता है।

पुलिस से न्याय की अपील

परिवार के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post