विश्वनाथ धाम में अनंत अंबानी ने की विशेष पूजा, काल भैरव और गंगा आरती में भी हुए शामिल

बाबा विश्वनाथ के दरबार में उद्योगपति परिवार के सदस्य और रिलायंस समूह के निदेशक अनंत अंबानी ने मंगलवार को मत्था टेका। काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार अभिषेक भी किया। शाम करीब 7:24 बजे अनंत अंबानी काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 से मंदिर परिसर में पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के अर्चकों ने उनका पूजन कराया। शाम करीब 7:24 बजे अनंत अंबानी काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 से मंदिर परिसर में पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के अर्चकों ने उनका पूजन कराया। दर्शन-पूजन के बाद वह बाबा विश्वनाथ की सप्तऋषि आरती में शामिल हुए और लगभग 30 मिनट तक आरती का दर्शन किया। 

इसके बाद उन्होंने काशी के कोतवाल श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा काल भैरव के दरबार में उन्होंने देशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत अनंत अंबानी मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे, जहां 21 ब्राह्मण अर्चकों ने मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती का विशेष कुमकुम पूजन कराया। उन्होंने मां अन्नपूर्णा को माला अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रात्रि में उन्होंने विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में भी सहभागिता की। 

मां गंगा की आरती के दौरान उन्होंने राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और आध्यात्मिक समृद्धि की कामना की। गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की अलौकिक छटा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दौरे के दौरान अनंत अंबानी ने मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से भी मुलाकात की। महंत ने उन्हें मंदिर संस्था द्वारा संचालित सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्हें प्रसाद स्वरूप मां अन्नपूर्णा की चुनरी, स्फटिक माला और स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। अनंत अंबानी के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। उनके दर्शन-पूजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post