बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में पीजी प्रवेश के लिए सीट आवंटन और काउंसिलिंग के दूसरे राउंड की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। केंद्रीय प्रवेश समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, तीसरे राउंड की प्रक्रिया 22 जून और चौथे राउंड की प्रक्रिया 25 जून से शुरू होगी। इसके साथ ही ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू (GDPI) की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जो 25 जून तक चलेगी। केंद्रीय प्रवेश समिति के प्रमुख प्रोफेसर भास्कर ने बताया कि दूसरे राउंड में अधिकांश सीटें भरने की संभावना है। इससे विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों के अपग्रेडेशन की स्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की गई है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। समय पर शुल्क जमा नहीं करने पर आवंटित सीट स्वतः निरस्त कर दी जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों को आगे होने वाले किसी भी आवंटन राउंड में शामिल नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग प्रक्रिया में ‘फ्रीज’ और ‘अपग्रेड’ का विकल्प भी दिया गया है।
‘फ्रीज’ विकल्प चुनने पर आवंटित सीट सुरक्षित हो जाएगी, जबकि ‘अपग्रेड’ चुनने वाले अभ्यर्थियों को अगले राउंड में बेहतर विकल्प उपलब्ध होने पर नई सीट आवंटित की जा सकती है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, जीडीपीआई के पहले और दूसरे राउंड के परिणाम तथा सीट आवंटन की आगामी तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।


