अजय राय के बयान पर भाजपा का आक्रोश, जिला मुख्यालय पर हुई 'आक्रोश सभा'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर 'आक्रोश सभा' आयोजित कर जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर एवं जिला भाजपा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आठों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।सभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अजय राय के बयान की कड़ी निंदा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य नेताओं ने बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

आक्रोश सभा में भाजपा के मंत्री, विधायक, एमएलसी, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के मद्देनजर जिला मुख्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही।सभा के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए पार्टी की कार्यशैली की आलोचना की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।




Post a Comment

Previous Post Next Post